गुरु नानकपुरा इलाके का रहने वाला राहुल आठ साल से एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था।उसने प्रेमिका के नाम के टैटू तक अपने हाथों पर बनवा रखे थे।

अमृतसर के गुरु नानकपुरा इलाके में रहने वाले 21 वर्षीय राहुल शर्मा ने वीरवार देर शाम घर में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि राहुल का स्कूल के समय से ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच देर शाम किसी बात को लेकर अनबन हुई थी।
जानकारी के मुताबिक राहुल स्कूल के समय से ही युवती से प्रेम करता था। उसने प्रेमिका के नाम के टैटू तक अपने हाथों पर बनवा रखे थे। पुलिस अब दोनों के बीच हुई आखिरी बातचीत और विवाद के कारणों की भी जांच कर रही है।
राहुल के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूट चुका था। करीब आठ साल पहले उसकी मां की मौत हो गई थी। वहीं, करीब पांच महीने पहले उसके पिता अमन शर्मा ने भी जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली थी। अमन शर्मा पुलिस में तैनात थे।
बताया जा रहा है कि राहुल ने पिता के अकाउंट से लाखों रुपये और सोने के गहने युवती व उसके कुछ रिश्तेदारों के खातों में भेज दिए थे। इसको लेकर अमन शर्मा तनाव में रहते थे। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।
भाई के घर पहुंचने पर पता चला
वीरवार देर शाम राहुल का भाई घर पहुंचा तो उसने राहुल को फंदे पर लटका देखा। उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राहुल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
युवती को किया गिरफ्तार, लेनदेन और विवाद की जांच
पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया है। उससे राहुल के साथ संबंध, दोनों के बीच हुई बातचीत और पैसों के लेनदेन को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि राहुल के पिता की मौत से जुड़े विवाद और राहुल की आत्महत्या के बीच कोई संबंध था या नहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।



