कुत्ता डंडे खाने के बाद भी पति-पत्नी को नोचता रहा। स्थानीय लोगों ने कुत्ते को भगाने का भरसक प्रयास किया लेकिन पिट बुल ने अपने दांतों की पकड़ ढिली नहीं पड़ने दी। दोनों पति-पत्नी इस हमले में बुरी तरह घायल हो गए।

पटियाला के घुम्मन नगर इलाके मेंएक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पालतू पिट बुल कुत्ते ने किराए का मकान देखने आए पति-पत्नी पर अचानक हमला बोल दिया। हमला इतना भयानक था कि दंपती बुरी तरह घायल हो गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। इस पूरे हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर रोंगटे खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित दंपती एक मकान को किराए पर लेने के लिए पहुंचे। उन्होंने मकान की घंटी बजाई। जैसे ही गेट खुला, अंदर से पिट बुल नस्ल का कुत्ता बाहर निकला। कुत्ते ने बाहर निकलते ही सबसे पहले महिला पर हमला बोल दिया और उसे जमीन पर गिरा दिया। महिला के पति ने कुत्ते को भगाने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन गुस्साए कुत्ते ने अपना हमला नहीं रोका। आसपास खड़े लोगों ने चिल्लाने की आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंचकर डंडों से कुत्ते को मारना शुरू कर दिया।
इसके बावजूद कुत्ता करीब एक मिनट 20 सेकंड तक हमला करता रहा। इस दौरान उसने महिला के पति को भी काट लिया। स्थानीय लोगों के लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार कुत्ता गेट के अंदर भाग गया। कुत्ते के काटने से दंपती के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वे लहूलुहान हो गए। दोनों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल महिला का ऑपरेशन भी किया गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पुलिस उपाधीक्षक जंगजीत सिंह रंधावा ने बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के माध्यम से इस मामले की जानकारी मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। लोग पालतू कुत्तों, खासकर खतरनाक नस्लों के कुत्तों को लेकर चिंता जता रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे कुत्ता डंडे खाने के बावजूद हमला जारी रखे हुए था, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।



