आगरा के सिकंदरा के रेणुका धाम में पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाने के मामले में पुलिस ने चार्जशीट तैयार कर ली है। मृतक की पहचान के लिए डीएनए जांच होगी, जबकि नाबालिग बेटियों समेत परिवार के बयानों को पुलिस ने अहम साक्ष्य माना है।

आगरा के थाना सिकंदरा स्थित रेणुका धाम में पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने वाली रूबी शर्मा के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट तैयार कर ली है। इसमें विवेचक ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने से लेकर मृतक की बेटियों और भाई के बयान को अहम माना है। कंकाल सुरेंद्र शर्मा का था? इसकी पुष्टि के लिए डीएनए जांच होगी। कोर्ट से इसकी अनुमति मिल गई है। बेटियों ने मां के खिलाफ बयान दिए हैं।
तीन जुलाई को हत्याकांड सामने आया था। रेणुका धाम निवासी सुरेंद्र शर्मा 18 मई से लापता थे। 26 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजन ने तलाश की लेकिन वो मिले नहीं। सुरेंद्र पत्नी रूबी शर्मा, 14 और 9 वर्षीय बेटियों के अलावा मां के साथ रहते थे। बड़े भाई अनिल शर्मा ने सिकंदरा पुलिस को भाई की हत्या की जानकारी दी थी।
रूबी ने पूछताछ में बताया था कि पति शराब पीकर मारपीट करता था। परेशान होकर उसने खीर में जहर मिलाकर हत्या कर दी। पति की माैत के बाद शव को घर के बाथरूम में दफन कर दिया। बाथरूम के फर्श का निर्माण करा दिया था। पुलिस ने मजदूरों से फर्श को खुदवाया था। कंकाल बरामद किया था। माैके से मिले कड़े और रुद्राक्ष की माला से मृतक के सुरेंद्र शर्मा होने का दावा किया गया। सुरेंद्र इन्हें पहना करते थे।
बेटियों ने मां के खिलाफ दिए बयान
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि मृतक की डीएनए जांच के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने अनुमति दे दी है। मृतक का उसकी मां के डीएनए से मिलान कराया जाएगा। वहीं आरोपी पत्नी जेल में है। भाई और मां ने रूबी के खिलाफ बयान दिए। मासूम बेटियां ने भी बयान दिए। बताया कि 18 मई की सुबह मां ने ताऊ को फोन किया। उनसे कहा कि पुलिस आने वाली है। मां ने दादी और उन्हें घर के बाहर बैठा दिया। बाहर से ताला लगा दिया था। पापा घर में बेड पर पड़े थे। दादी और उन्हें ताऊ के साथ भेज दिया। कुछ दिन बाद मां भी ताऊ के घर आ गईं। लौटने पर बाथरूम का फर्श ऊंचा मिला। मामले में चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी।
पुलिस से बोली-पति ने कर ली थी आत्महत्या
आरोपी रूबी को जब पुलिस ने गिरफ्तार किया तो वह बार-बार बयान बदलने लगी। पहले उसने नींद की गोली देने की बात कही। फिर कहा कि पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घबराकर उसने शव को दफना दिया।
उसने कहा कि बाथरूम का फर्श कमरे के फर्श से दो से तीन फीट नीचे था, इसलिए शव को उसमें डाल दिया। इसके बाद मिट्टी लाकर डाल दी और मिस्त्री बुलाकर फर्श पक्की करवा दी। इससे किसी को शक नहीं हुआ।
वह घर में भी आराम से रह रही थी। हालांकि, पुलिस को शक है कि घटना में कोई और भी शामिल हो सकता है। एक अकेला व्यक्ति इस पूरी घटना को अंजाम नहीं दे सकता। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम का फर्श खोदकर कंकाल बरामद किया
24 साल पहले भरतपुर से आगरा आया था परिवार
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से भरतपुर के रंजीत नगर निवासी राधेश्याम शर्मा एक इंटर कॉलेज में प्रवक्ता पद पर कार्यरत थे। 24 साल पहले सेवानिवृत्त होने के बाद आगरा आ गए थे। सिकंदरा के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में रहने लगे। 14 साल पहले उनकी मौत हो गई थी।
सुरेंद्र उनका छोटा बेटा था। बड़े बेटे अनिल ऑटो चालक हैं और वायु विहार, शाहगंज में रहते हैं। सुरेंद्र रेणुका धाम कॉलोनी में रहते थे। उनकी शादी 16 साल पहले रूबी से हुई थीं। दो बेटियां प्राची (15) और सिद्धि (9) हैं। सुरेंद्र की मां कमला भी साथ ही रहती थीं।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि सुरेंद्र की मां को पति की पेंशन के 32 हजार रुपये मिलते थे। रूबी डेबिट कार्ड और पासबुक अपने पास रखती थी। पेंशन की रकम से वह जेठ अनिल को 10 हजार रुपये देती थी। जून में रूबी ने अनिल को पेंशन की रकम नहीं दी थी।
नीचे दफन था पति, ऊपर रोज नहाती थी रूबी
पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या के बाद रूबी ने शव को न सिर्फ बाथरूम में दफनाया था, बल्कि रोज लाश के ऊपर ही नहाती थी। वह नियमित बाथरूम का इस्तेमाल कर रही थी। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि जब पड़ोसी सुरेंद्र के बारे में पूछते तो परेशान होने का नाटक करती थी।
कलह बनी काल
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र नींद की गोलियां खाता था। रूबी ने 18 मई को उसको खीर में मिलाकर नींद 20 से ज्यादा गोलियां दे दीं, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसने शव को बाथरूम में दफना दिया। वह पति की हत्या के बाद जितने दिन घर में रही, उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही। पड़ोसियों के पूछने पर रोने लगती थी।
कड़े और माला से हुई शिनाख्त
पुलिस ने सुरेंद्र का शव बरामद करने के लिए बाथरूम का फर्श खोदा। अंदर कंकाल निकला और कपड़े भी गल चुके थे। हाथ में कड़ा और गले में रुद्राक्ष की माला मिली। सामान देखते ही परिजन ने पहचान कर ली।



