हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा के मंगलवार को देवबंद स्थित दारुल उलूम में जल चढ़ाने के एलान के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। संस्था के मुख्यद्वार पर एक एसआई और एक पुलिसकर्मी को तैनात किया गया है।

ललित शर्मा के मंगलवार को दारुल उलूम पहुंचकर जल चढ़ाने के पूर्व एलान को देखते हुए पुलिस ने संस्था के मुख्यद्वार पर सुरक्षा बढ़ा दी। मुख्यद्वार पर एक एसआई और एक पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी भी मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इसी बीच ललित शर्मा का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में उत्तराखंड पुलिस का एक अधिकारी उन्हें आगे जाने से रोकता नजर आ रहा है। इस दौरान शर्मा कहते हैं कि वह कानून और संविधान में विश्वास रखने वाले लोग हैं।
वीडियो में ललित शर्मा कहते नजर आ रहे हैं कि देवबंद में चढ़ाने के लिए लाया गया जल फिलहाल उनके कार्यालय में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब दारुल उलूम में शिवालय की उत्पत्ति होगी, तब यह जल वहां चढ़ाया जाएगा। उनके इस बयान के बाद पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
ललित शर्मा के एलान को देखते हुए पुलिस क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। संस्था के मुख्यद्वार के आसपास भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।



