गांव खयाली चहलां के पूर्व फौजी बलविंदर सिंह पत्नी बेअंत कौर के अवैध संबंधों से परेशान था। इसी परेशानी में वह शराब भी पीने लगा था। अब पत्नी ने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

मानसा के गांव खयाली चहलां में शुक्रवार-शनिवार की आधी रात एक महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने पति की तेजधार हथियार से हत्या कर दी।
घटना का पता चलते ही थाना झुनीर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक पूर्व फौजी बलजिंदर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी महिला बेअंत कौर पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला के अलावा अज्ञात लोगों पर भी हत्या का केस दर्ज किया गया है। थाना झुनीर के एसएचओ भूपिंदरजीत सिंह ने यह जानकारी दी।
गांव खयाली चहलां की पंचायत से जुडे़ सूत्रों ने बताया कि पूर्व फौजी बलविंदर सिंह अपनी पत्नी बेअंत कौर एवं बुजुर्ग माता पिता के साथ गांव में रहता था। पिछले समय से बेअंत कौर के किसी के साथ अवैध संबंध बन गए थे। इसके बारे में जब फौजी को पता चला तो उसने अपनी पत्नी को समझाने का प्रयास भी किया था। कई बार पंचायती तौर पर पूर्व फौजी ने अपनी पत्नी को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं मानी। इसी के चलते पूर्व फौजी शराब पीने का भी आदी हो चुका था।
सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात्रि पूर्व फौजी अपने घर में सो रहा था। इसी दाैरान घर में घुसे अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उसकी पत्नी ने पूर्व फौजी के सिर पर तेजधार हथियार से वार करके उसकी हत्या कर दी।
थाना झुनीर के एसएचओ भूपिंदरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दिया है। मृतक के परिजनों के बयान पर उसकी पत्नी समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके आरोपी पत्नी बेअंत कौर को हिरासत में ले लिया है।



