प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

जालंधर के सरकारी स्कूल कोटला हेरां के प्रिंसिपल कार्यालय में खालिस्तान का झंडा लगाने और दीवारों पर अलगाववादी नारे लिखे जाने का दावा किया गया है। प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) ने वीडियो जारी किया है। साथ ही पंजाब के छात्रों से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह का बहिष्कार करने की अपील की है।
संगठन के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो में 16 अगस्त को अमेरिका के इंडियानापोलिस में प्रस्तावित ‘खालिस्तान रेफरेंडम’ के समर्थन का आह्वान किया है। वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं। फिलहाल वीडियो और दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। इस वाकया का मकसद युवाओं को भड़काना है।



