फरीदपुर क्षेत्र के रुरिया गांव में मंगलवार को छह साल के बालक की नाले में डूबकर मौत हो गई। परिजन ने निर्माणाधीन पुल के ठेकेदार पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया है।

बरेली के फरीदपुर क्षेत्र के रुरिया गांव में नकटिया नदी के पास मंगलवार सुबह शौच के लिए गए राजकुमार (6 वर्ष) की छह फुट गहरे नाले में डूबने से मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि निर्माणाधीन पुल के ठेकेदार ने नाले के आसपास सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए, जिस कारण हादसा हो गया।
मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद उसको नाले से निकाला। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरीदपुर ले गए। वहां चिकित्सक ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
पुल से 100 मीटर दूर हुई घटना
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता राजीव अग्रवाल ने कहा कि नकटिया नदी पर रुरिया गांव में 60-70 साल पुराने पुल के सापेक्ष नया पुल निर्माणाधीन है। नदी के बहाव का डायवर्जन तो मई में ही खत्म हो गया। अब पुल के ऊपरी हिस्से का काम चल रहा है। यह घटना पुल से 100 मीटर दूर हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है।



