
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगस्त के अंत में अलीगढ़ दौरे की संभावना जताई जा रही है। संभावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री इस दौरान अलीगढ़ में करीब 1500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सकते हैं।
प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था, मौसम की स्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का आकलन कर रहा है। अधिकारियों का प्रयास है कि सभी प्रमुख परियोजनाओं को समय से पूरा कर लिया जाए, ताकि प्रधानमंत्री के हाथों उनका लोकार्पण कराया जा सके।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लोधा स्थित राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय सबसे प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है। इसके अलावा नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मल्टीलेवल पार्किंग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, ट्रांसपोर्ट नगर और शहर के बुनियादी ढांचे से जुड़े अन्य प्रोजेक्ट भी शामिल हो सकते हैं।
गौरतलब है कि 14 सितंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही लोधा और मुसेपुर करीम जरौली में 92 एकड़ से अधिक भूमि पर राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया था। वर्तमान में यह विश्वविद्यालय अलीगढ़ मंडल के करीब 395 महाविद्यालयों से संबद्ध है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब इसके औपचारिक लोकार्पण का इंतजार है।
इससे पहले जून 2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलीगढ़ दौरे के दौरान करीब 462 करोड़ रुपये की लागत वाली 85 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया था। अब प्रधानमंत्री के संभावित आगमन को लेकर शहर की प्रमुख परियोजनाओं को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है।
अगस्त महीने में प्रधानमंत्री का अलीगढ़ दौरा संभावित है। इसके लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा है। मौसम समेत अन्य परिस्थितियों का आकलन किया जा रहा है। इसी के अनुसार कार्यक्रम आयोजित होगा।
– किंशुक श्रीवास्तव, एडीएम सिटी
– किंशुक श्रीवास्तव, एडीएम सिटी



