पेपर लीक संशोधन बिल लोकसभा में पेश, विपक्ष के हंगामे से सदन 2 बजे तक स्थगित
विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा में लोक परीक्षा (संशोधन) विधेयक पेश किया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सदन में यह बिल पेश किया, लेकिन विपक्षी सांसदों ने लगातार नारेबाजी करते हुए कार्यवाही का विरोध किया।
विपक्षी सांसदों ने “मोदी-शाह छात्रों से माफी मांगो” के नारे लगाए और NEET पेपर लीक तथा छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा। हंगामे के चलते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी। राज्यसभा की कार्यवाही भी पहले 12 बजे तक और बाद में 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
संसद के भीतर के साथ-साथ विपक्षी दलों ने मकर द्वार पर भी प्रदर्शन किया। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए सरकार को घेरा।
इस बीच, पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफे के बाद पहली बार संसद पहुंचे। एनडीए सांसदों ने उन्हें शॉल और मिथिला पाग पहनाकर सम्मानित किया तथा संसद भवन तक उनके साथ पहुंचे। इस दौरान सांसदों ने “धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद” के नारे भी लगाए। गौरतलब है कि NEET पेपर लीक विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने 25 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दिया था।