नवनीत कौर उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गई थीं। आरोपी शरनजीत सिंह लंबे समय से नवनीत को परेशान कर रहा था और उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था।
कनाडा के टोरंटो शहर में अमृतसर निवासी 26 वर्षीय नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात 24 जुलाई को हुई, जिसके कुछ घंटों बाद पुलिस ने आरोपी शरनजीत सिंह (37) को गिरफ्तार कर लिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नवनीत को परेशान कर रहा था और उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से शादीशुदा था, इसके बावजूद वह लगातार युवती का पीछा करता था और विवाह के लिए दबाव डाल रहा था।
टोरंटो पुलिस के अनुसार, हंबरवुड बुलेवार्ड और रेक्सडेल बुलेवार्ड क्षेत्र में नवनीत कौर और शरनजीत सिंह के बीच बातचीत हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने पिस्तौल निकालकर नवनीत पर गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल नवनीत को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से भाग निकला था। पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाकर शरनजीत सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शरनजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उसे शनिवार को ओंटारियो कोर्ट ऑफ जस्टिस में पेश किया गया। नवनीत कौर उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गई थीं। परिवार ने निष्पक्ष जांच और दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की है।