अलीगढ़ जिले के गोरई कस्बे के गोंडा रोड पर महीनों से बनी जलभराव की समस्या शुक्रवार को उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब एक बुजुर्ग की अंतिम यात्रा घुटनों तक भरे गंदे पानी के बीच से निकालनी पड़ी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग तेज कर दी है।

शुक्रवार को कस्बा निवासी खानचंद शर्मा का निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा जब गोंडा रोड से होकर गुजरी, तब सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण परिजनों और ग्रामीणों को अर्थी को घुटनों तक पानी में चलकर ले जाना पड़ा। इस दौरान मौजूद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गोंडा रोड पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क पर गंदा पानी भर जाने से आम लोगों के साथ-साथ अब अंतिम यात्रा जैसी संवेदनशील परिस्थितियां भी प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
Author: planetnewsindia
8006478914
