अलीगढ़ के थाना गोधा क्षेत्र में गोधा रजवाहे से लगातार गोवंश के शव मिलने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पिछले पांच दिनों के दौरान चार से पांच गोवंश के शव मिलने से स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी है।

रविवार सुबह करीब 11 बजे रजवाहे में एक बार फिर गोवंश के शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने छतारी-अतरौली मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने के बावजूद प्रशासन दोषियों तक नहीं पहुंच सका है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद हालात सामान्य कराने के प्रयास किए गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोवंश के शव रजवाहे में कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: planetnewsindia
8006478914