गाड़ी के अंदर एक युवक मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मौके से एक खुली शराब की बोतल और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जो बंद था।

अमृतसर के नारायणगढ़ क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक थार गाड़ी से सोमवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। काफी देर तक वाहन के एक ही स्थान पर खड़े रहने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन का दरवाजा खोलकर जांच की। गाड़ी के अंदर एक युवक मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मौके से एक खुली शराब की बोतल और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जो बंद था।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक ने टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहन रखे थे।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक थार गाड़ी तक कैसे पहुंचा, घटना के समय उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं और घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था।