गांव पंडोरी वड़ैच निवासी विक्रम सिंह के घर पर देर रात तीन पेट्रोल बम फेंके गए थे। इसी के आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

अमृतसर देहात पुलिस ने रंगदारी न मिलने पर पेट्रोल बम से हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नाकाबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गुरलाल सिंह के पैर में गोली लगी, जबकि कृष्ण सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल गुरलाल सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि विक्रम सिंह से विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के नाम पर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। इसी धमकी के बाद विक्रम सिंह के घर पर पेट्रोल बम से हमला कराया गया। पुलिस टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे, आरोपियों को हथियार किसने उपलब्ध कराए और इस साजिश में किन लोगों की भूमिका रही।