अफेयर, शादी और हत्या: प्रेमी संग मिलकर नातिन ने इसलिए किया दादा का कत्ल, लाश के साथ किया ये घिनौना काम

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

फिरोजाबाद में नातिन ने प्रेमी से बुजुर्ग दादा की हत्या कर दी। टूंडला के मोहम्मदाबाद में 24 जून की रात सोते समय बुजुर्ग की हत्या कर शव को जला दिया था। 6 जुलाई को बरात आनी थी, परिजन की मर्जी से होने वाली शादी से नातिन नाराज थी। इसलिए ही दादा की हत्या करा दी।

Firozabad Murder Case: Granddaughter & Lover Killed Grandfather | Murder

फिरोजाबाद  के टूंडला थाना इलाके के गांव मोहम्मदाबाद में 24 जून की रात बुजुर्ग ब्रह्मऋषि (70) के जले हुए शव मिलने का सनसनीखेज मामला हत्या का निकला है। ब्रह्मऋषि की नातिन रश्मि ने अपने प्रेमी विपिन के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रेमी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

सीओ अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि मृतक ब्रह्मऋषि की नातिन रश्मि का शिकोहाबाद निवासी विपिन के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रश्मि विपिन से ही शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके बाबा को यह कतई मंजूर नहीं था। बाबा ने रश्मि की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी और 6 जुलाई को उसकी बरात आनी थी।
रश्मि इस शादी से खासी नाराज थी। उसने विरोध भी किया, लेकिन जब बाबा नहीं माने, तो उसने प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की खौफनाक योजना बना डाली। पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेमी विपिन निवासी डाहिनी, थाना शिकोहाबाद ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि योजना के मुताबिक, 24 जून की रात करीब 12 बजे वह मोहम्मदाबाद पहुंचा।

वहां चारदीवारी वाले प्लॉट में सो रहे बुजुर्ग ब्रह्मऋषि पर उसने चाकू से ताबड़तोड़ तीन वार किए, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हत्या को हादसे का रूप देने और साक्ष्य मिटाने के लिए विपिन ने तख्त पर पड़े गद्दे और चारपाई को शव के ऊपर डालकर आग लगा दी। वारदात के बाद वह खून से सने कपड़ों को रेलवे कॉलोनी के खंडहर में छिपाकर भाग निकला था।
गले पर कट के निशान और फर्जी सुसाइड नोट ने खोल दी पोल
शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण आग से जलना ही सामने आया था, जिससे पुलिस इसे शॉर्ट सर्किट मान रही थी। लेकिन इसी बीच परिजन ने पुलिस को एक सुसाइड नोट सौंप दिया। जब पुलिस ने बुजुर्ग के गले पर कटे हुए निशान और उस सुसाइड नोट का बारीकी परीक्षण किया, तो शक की सुई घूम गई।

जांच में पता चला कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग बुजुर्ग की न होकर उनकी नातिन रश्मि की थी। पुलिस ने जब रश्मि को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने पूरा सच उगल दिया। नातिन रश्मि ने बेहद शातिर तरीके से अपने दादा के नाम से फर्जी सुसाइड नोट लिखा था, ताकि पुलिस इसे आत्महत्या समझे।

सुसाइड नोट में उसने लिखवाया था कि ब्रह्मऋषि अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को मान रहे हैं और अपनी संपत्ति को दोनों बेटों दिनेश व मुनिंद्र में बराबर बांटने की बात कह रहे हैं। साथ ही उसमें नातिन रश्मि की मनमर्जी से शादी कराने का भी झूठा जिक्र किया गया था, ताकि किसी को शक न हो।
टावर के पास से दबोचे गए दोनों हत्यारोपी
पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमी विपिन को शनिवार दोपहर करीब 12:40 बजे बन्ना रोड टॉवर के पास से गिरफ्तार किया। वहीं, साजिशकर्ता नातिन रश्मि को रविवार सुबह साढ़े आठ बजे मोहम्मदाबाद स्थित घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई