यूपी के मेरठ के युवक की सोनीपत में बेरहमी से हत्या कर दी गई। विशाल के पिता शिव कुमार ने बताया कि कातिलों ने मोबाइल पर बेटे की चीखें सुनाई। कुछ देर बाद ही मौत की खबर आ गई।
एक पिता के लिए इससे बड़ा दर्द शायद ही कोई हो कि वह अपने बेटे की अंतिम चीखें मोबाइल पर सुने और कुछ देर बाद उसकी हत्या की खबर मिल जाए। मेरठ के खरखौदा थाना इलाके के गांव खंदावली निवासी शिवकुमार के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।
शनिवार रात आई एक कॉल ने उसके परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। विशाल जो परिवार की उम्मीदों का सहारा था, अब दुनिया में नहीं है। शिवकुमार ने बताया, शनिवार रात उनके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई। दूसरी ओर अनुज उर्फ तनुज बात कर रहा था। बातचीत के दौरान उन्हें अपने बेटे विशाल के रोने और दर्द से चीखने की आवाजें साफ सुनाई दे रही थीं।
पीछे से दो-तीन अन्य लोगों की आवाजें भी आ रही थीं जो कह रहे थे कि तुम्हारे बेटे को खत्म कर दिया है और अब उसे उठाकर ले जाओ। यह सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन रातोंरात राई पहुंचे जहां पता चला कि विशाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है।
विशाल के बड़े भाई अतुल ने बताया कि जब विशाल नौकरी करने के लिए राई आया था तो शुरुआत में वह मेरे साथ किराए के मकान में रहता था। बाद में छोटी सी बात पर अनबन होने पर विशाल पड़ोस के ही दूसरे मकान में रहने लगा। हालांकि दोनों के बीच बातचीत और पारिवारिक संबंध सामान्य बने रहे।
हत्या के पीछे है पैसों का विवाद: अतुल
अतुल ने बताया कि हत्या के पीछे मुख्य कारण पैसों का विवाद है। आरोप है कि आरोपियों के साथ विशाल का रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। पैसे लौटाने से बचने के लिए महिला का नाम बीच में लाकर पूरे मामले को प्रेम प्रसंग का रंग दिया गया और इसी बहाने विशाल को निशाना बनाया गया। परिवार का कहना था कि विशाल से करीब 40 हजार रुपये उधार लिए गए थे।
मेरठ के युवक की सोनीपत में हत्या
सोनीपत जनपद के गांव जठेड़ी में किराए पर रह रहे मेरठ के खरखौदा थाना इलाके के गांव खंदावली निवासी विशाल (26) की प्रेम-प्रसंग के शक में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। उसके पिता का आरोप है कि आरोपी पक्ष ने पहले बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी और वारदात के बाद कॉल कर कहा- तुम्हारे लड़के को खत्म कर दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सोनीपत के थाने राई में गांव खंदावली निवासी शिव कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें बताया कि कि बेटा विशाल राई क्षेत्र स्थित बेसन कंपनी में कार्यरत था। वह गांव जठेड़ी में किराए पर रहता था। उसके पड़ोस में ओमवीर भी परिवार के साथ किराए पर रहता है। दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध थे।
एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। उनका आरोप है कि मार्च से ओमवीर को अपनी पत्नी और विशाल के बीच प्रेम प्रसंग होने का शक हुआ था। इसी बात को लेकर ओमवीर ने कॉल कर उन्हें बेटे विशाल को समझाने की बात कही थी और धमकी दी थी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह विशाल को जान से मार देगा।
विशाल के पीड़ित पिता शिव कुमार ने बताया कि शनिवार रात मोबाइल पर कॉल आई थी। इसमें अनुज उर्फ तनुज बोल रहा था। उन्हें अपने बेटे विशाल की चीखने की आवाज भी सुनाई दे रही थीं। आवाज आई कि तुम्हारे बेटे को खत्म कर दिया है और उसे उठाकर ले जाओ।
बेटों की शादी की तैयारी में लगे थी विशाल की परिजन, परिवार में मातम पसरा
विशाल की हत्या के बाद जहां परिजनों पर दुखो का पहाड़ टूट गया, वहीं पिता ने अपनी बेबसी दिखाते हुए बताया कि हत्यारों ने कॉल कर बेटे की हत्या की पूरी घटना परिजनों को सुनाई। लेकिन वह बेटे को बचा नहीं सके।
खंदावली निवासी शिवकुमार के अनुसार, परिवार के पालन-पोषण के लिए का कोई उचित जरिया न होने के कारण वह खुद भी मेहनत-मजदूरी करते हैं। उसके दोनों बेटे भी प्राइवेट नौकरी करते हैं। जहां बड़ा बेटा अतुल नोएडा में किसी प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करता है, वहीं विशाल सोनीपत में राजधानी बेसन की कंपनी में पिछले चार वर्ष से नौकरी कर रहा था। परिवार में माता-पिता वह दो बहनों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी दोनों भाइयों के कंधे पर थी। कुछ दिन पहले ही विशाल के चचेरे भाई की मौत हो गई थी तो विशाल कुछ दिन के लिए अपने परिवार में रहकर गया था।
The Voice behind the Mic. The Pen behind the Truth. 👑 🎙️ News Anchor | Digital Scribe 🖋️ Crafting perspectives, delivering facts, and documenting history in black & white. 🏛️ Where eloquence meets hard-hitting journalism. 👇 Read the untold stories below.