उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। पड़ोसी युवक पर हत्या का आरोप है।
)
यूपी के प्रयागराज जिले में एक बार फिर सामूहिक हत्याकांड की घटना ने सनसनी फैला दी है। यमुनानगर के मेजा थाना इलाके के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की देर रात नृशंस हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह जब घटना का पता चला तो ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और मातम पसर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात सोमवार देर रात करीब 1 बजकर 30 मिनट के आसपास हुई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो एक ही परिवार के थे। प्रथम दृष्टया, बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला किया और फिर पीट-पीट कर हत्या की। घटनास्थल की स्थिति से पता चला कि पीड़ितों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा गया था।
घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिस की टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और गहन छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मृतकों के परिजनों ने पुलिस को अहम जानकारी दी है। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी। यह धमकी किसी पुरानी रंजिश के चलते दी गई थी। पुलिस अब इस पहलू पर गहराई से जांच कर रही है।