यूपी के बागपत में प्रेमिका से मिलने गए युवक की पीटकर और गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव रेहड़े में रखकर एक किमी दूर एकता कॉलोनी में फेंक दिया। हत्यारोपियों ने कहा कि शहजान को घर में देखते ही खून खौल गया था। हत्या के बाद आरोपी जंगल में शव ठिकाने लगाना चाहते थे।

बागपत शहर की नई बस्ती में रविवार की रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे शहजान (22) की पीटकर और गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को रेहड़े में डालकर एक किलोमीटर दूर एकता कॉलोनी के खाली प्लॉट में फेंक दिया। सोमवार की सुबह हाथ-पैर बंधा हुआ शव मिलने के बाद पुलिस ने छानबीन की और तीन घंटे में प्रेमिका के तीनों सगे चाचा को गिरफ्तार करके वारदात का खुलासा कर दिया।
केतीपुरा मोहल्ले की नई बस्ती निवासी शहजान बड़ौत रोड पर गोलगप्पे की ठेली लगाता था। रविवार की रात शहजान अपने परिवार वालों के साथ आशीर्वाद गार्डन में शादी समारोह में शामिल होने आया था। रात करीब 11:30 बजे अपनी चाची बिल्लो, चचेरी बहन अलीजा को घर छोड़ने के बाद वह चला गया लेकिन घर नहीं पहुंचा।
सोमवार की सुबह एकता कॉलोनी में मदरसे के पास स्थित खाली प्लॉट में शहजान का शव देखकर महिला सफाईकर्मी ने शोर मचा दिया। जानकारी मिलते ही सीओ विजय चौधरी कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। शव के पास शहजान की बाइक भी मिली। सोशल मीडिया पर शव के फोटो वायरल होते ही परिजनों ने उसकी पहचान शहजान के रूप में की।
पुलिस ने युवती के तीनों चाचा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में हत्यारोपियों ने बताया कि शहजान के उनकी भतीजी से प्रेम संबंध थे। रविवार की रात शहजान उनकी भतीजी से मिलने आया था, जिसे घर में जाते हुए देख लिया। इसके बाद तीनों ने शहजान को घर में जाकर पकड़ लिया। हाथ-पैर बांधने के बाद उसकी पिटाई की और रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त रेहड़ा और युवक की बाइक बरामद कर ली है।
बागपत के केतीपुरा मोहल्ले के शहजान की हत्या के बाद आरोपी उसका शव जंगल में ठिकाने लगाना चाहते थे, लेकिन पकड़े जाने के डर से आबादी के बीच खाली प्लॉट में फेंककर भाग गए। हत्यारोपियों ने बताया कि शहजान को घर में देखते ही उनका खून खौल गया था।
केतीपुरा मोहल्ले में शहजान और हत्यारोपियों के घरों के बीच में दो गली की दूरी है। प्रेमिका के घर से एकता कॉलोनी का खाली प्लॉट एक किलोमीटर से ज्यादा दूर है। रात में रेहड़े में शव रखकर गलियों से होते हुए एकता कॉलोनी में पहुंचे। घर से एक किलोमीटर दूर मिले शव की पहचान करने के बाद तीन घंटे में पुलिस हत्यारोपियों के घर पहुंच गई। हत्यारोपियों के खिलाफ पहले भी मारपीट, चोरी समेत अन्य मामले दर्ज हैं।
शहजान अपने परिवार में चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का और अविवाहित था। उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है और उसका करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शहजान अपनी प्रेमिका से ही शादी करना चाहता था।
हत्यारोपियों ने बताया कि उनकी भतीजी पड़ोस में रहती है, उसके पिता की मौत हो चुकी है। रविवार रात शहजान को पकड़कर हाथ-पैर बांधने के बाद भतीजी को भी उसके सामने बैठा दिया। भतीजी के सामने उन्होंने शहजान की पिटाई की। पहले तो शहजान छोड़ने और दोबारा गलती नहीं करने की बात कहकर मिन्नतें करता रहा। प्रेमिका भी अपने तीनों चाचा के सामने शहजान को छुड़ाने के लिए गिड़गिड़ाई, लेकिन तीनों नहीं माने और गला घोंटकर शहजान की जान ले ली।