मोहाली में युवती की हत्या: ब्रेकअप के बाद फिर रिश्ता बनाना चाहता था युवक, इनकार पर बना हैवान; खुद को किया घायल

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

मोहाली की एक कंपनी में काम कर रही डिंपल की उसके पूर्व प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

A one-sided lover attacked a young woman with a knife, causing her death and injuring himself.

मोहाली फेज-11 स्थित बेस्टेक मॉल (सेक्टर-66) के निकट एक निजी कंपनी में काम करने वाली 30 वर्षीय युवती की उसके पूर्व साथी ने चाकू मारकर हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी की हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतका की पहचान डिंपल निवासी पटियाला के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान हरविंदर मान उर्फ हैरी के रूप में हुई है। दोनों एक निजी पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी में सहकर्मी थे और पिछले करीब तीन वर्षों से वहां कार्यरत थे।

छह माह पहले हुआ था ब्रेकअप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे। सूत्रों के अनुसार करीब छह माह पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद से हरविंदर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह डिंपल से दोबारा संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन युवती ने उससे दूरी बना ली थी।

कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

पुलिस के अनुसार वीरवार देर शाम डिंपल कंपनी के कार्यालय में काम कर रही थी। इसी दौरान हरविंदर वहां पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू से डिंपल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

युवती पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से कई वार कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरविंदर का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बयान दर्ज होने के बाद घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Farheen
Author: Farheen

सबसे ज्यादा पड़ गई