Azamgarh News: भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर महिलाओं से करता था ठगी, पुलिस मुठभेड़ में सरगना गिरफ्तार

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

Azamgarh News: आजमगढ़, बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर में सक्रिय अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का खुलासा किया गया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया।

Azamgarh Police Arrests Kingpin of Inter-District Tappe-baaz Gang

आजमगढ़ जिले में महिलाओं को भूत-प्रेत, जादू-टोना और तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान ठगने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के सरगना को सोमवार की रात सरायमीर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी खरेवां भेजा गया।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि घायल अभियुक्त की पहचान इम्तियाज खान (48) निवासी क्वार्सी, अलीगढ़, हाल पता ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, महिलाओं के जेवरात, 11,100 रुपये नकद तथा एक देशी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

प्रभारी निरीक्षक सरायमीर भुवनेश कुमार चौबे को सूचना मिली थी कि सरायमीर क्षेत्र में महिला से ठगी करने वाले दो अपराधी मोटरसाइकिल से फूलपुर की ओर से खरेवां आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बाद आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने भाई के साथ मिलकर बाजारों और कस्बों में अधेड़ महिलाओं को निशाना बनाता था। दोनों पहले महिलाओं को परिवार पर संकट या भूत-प्रेत का साया होने का डर दिखाते थे। फिर शुद्धिकरण और तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के नाम पर जेवरात, नकदी और अन्य सामान लेकर उन्हें पीछे मुड़कर न देखने तथा कुछ दूरी तक चलने के लिए कहते थे और मौके से फरार हो जाते थे।

9 मई को सरायमीर क्षेत्र की रहने वाली चंदा देवी से भी इसी तरह कान की झालियां, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन और करीब एक लाख रुपये ठग लिए गए थे। इस मामले में थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना सरायमीर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ ही आर्म्स एक्ट के तहत नई प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ऐसे बनाते थे महिलाओं को शिकार
गिरोह के सदस्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अकेली या अधेड़ उम्र की महिलाओं की तलाश करते थे। उन्हें परिवार पर संकट, बीमारी या भूत-प्रेत का साया होने का भय दिखाकर विश्वास में लेते थे। इसके बाद शुद्धिकरण या तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया का झांसा देकर जेवर, नकदी और मोबाइल अपने कब्जे में लेकर फरार हो जाते थे। सरायमीर की घटना में महिला से करीब एक लाख रुपये और जेवरात ठगे गए थे।

कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी इम्तियाज खान के खिलाफ आजमगढ़ के अलावा बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर में भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, चोरी, ठगी, आपराधिक विश्वासघात तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA