लुधियाना में सीवर से निकली जहरीली गैस: सफाई करने आए पिता-पुत्र समेत तीन की मौत, लापरवाही का आरोप

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

लुधियाना की टूल फैक्टरी में सोमवार को आम दिनों की तरह काम हो रहा था। इसी दाैरान सीवर से जहरीली गैस का रिसाव हो गया। इसमें सफाई करने आए पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की जान चली गई।

Kanpur:सीवर टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से पिता-पुत्र की मौत, भीतर उतरते  ही हुए थे बेहोश, परिजन बेहाल - Kanpur Father And Son Die Of Suffocation  While Cleaning Sewer Tank

लुधियाना के आरके रोड स्थित एक फैक्टरी में सोमवार को पाना-चाबी (टूल) निर्माता फैक्टरी में सीवरेज से जहरीली गैस का रिसाव हो गया। इसमें सीवर की सफाई करने आए पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की जान चली गई।

गैस रिसाव के बाद फैक्टरी परिसर में भगदड़ मच गई। गैस की चपेट में आने से कई अन्य मजदूर बेहोश हो गए। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद थाना मोती नगर की पुलिस सहित विभिन्न टीमें वहां पहुंच गई और राहत कार्य शुरु करवाया।

संभलने का माैका तक नहीं मिला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्टरी में रोजाना की तरह उत्पादन का काम सामान्य रूप से चल रहा था। सीवरेज की गाद निकालने के लिए लोगों को बाहर से बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि सीवर का ढक्कन खोलते ही गैस निकली और माैके पर ही पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की माैत हो गई।

जहरीली गैस पूरे परिसर में फैल गई। गैस का असर इतना तीखा और घातक था कि काम कर रहे मजदूरों को संभलने या बाहर भागने का मौका तक नहीं मिला। आंखों में असहनीय जलन और सांस लेने में तकलीफ के कारण कई कर्मचारी मौके पर ही निढाल होकर गिर पड़े।

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की शिनाख्त माना और उनके बेटे अमित के रूप में हुई है। जबकि तीसरे मृतक की पहचान करने में पुलिस जुटी है। अमित अपने पीछे एक साल की मासूम बेटी, पत्नी, दो बहनें और एक छोटे भाई को रोता-बिलखता छोड़ गया है। घर के दो मुख्य कमाने वाले सदस्यों की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जांच में जुटा प्रशासन, कारणों की तलाश

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना मोती नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरी जानकारी दी जाएगी।

Farheen
Author: Farheen