
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। बीते 10 दिनों में चौथी बार ये बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। दाम बढ़ने से अब हरियाणा के सोनीपत में पेट्रोल 102.72 प्रति लीटर और डीजल 95.37 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं, झज्जर में प्रति लीटर पेट्रोल के दाम 102.97 और डीजल के 95.63 रुपये हो गए हैं। जींद में पेट्रोल के दाम बढ़कर 102.84 और डीजल 95.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, कमजोर होता रुपया और आयात लागत बढ़ने की वजह से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। इसके अलावा रिफाइनिंग मार्जिन में बदलाव का असर भी ईंधन की कीमतों पर पड़ रहा है। लंबे समय तक कीमतें स्थिर रखने के बाद अब सरकारी तेल कंपनियां धीरे-धीरे बढ़ी हुई लागत का बोझ उपभोक्ताओं पर डाल रही हैं। यही वजह है कि 10 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल करीब 5 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो चुके हैं।
आम लोगों और बाजार पर कितना पड़ेगा असर?
माना जा रहा है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता। माल ढुलाई महंगी होने से फल, सब्जी, दूध और रोजमर्रा की दूसरी चीजों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। डीजल महंगा होने से खेती और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई बढ़ने की आशंका और तेज हो सकती है। लगातार बढ़ते ईंधन दामों ने मध्यम वर्ग और रोजाना सफर करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है