Fatehabad: मंत्री बेदी ने बिना मान्यता चल रहे निजी स्कूलों को बंद करने के दिए निर्देश, डीईओ से मांगी रिपोर्ट

हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शनिवार को पहली बार डीपीआरसी भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 12 मामलों की सुनवाई की गई। बैठक में एक मामले की सुनवाई के दौरान मंत्री ने डीईओ संगीता बिश्नोई को जिले में चल रहे बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए और अगली बैठक में रिपोर्ट मांगी।
बैठक के दौरान शिकायतें सुनते समय एक शिकायतकर्ता के नहीं आने पर मंत्री कृष्ण बेदी भड़क गए। शिकायतकर्ता ने बिजली निगम से संबंधित शिकायत दी थी। जब वह नहीं आया तो मंत्री ने बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता कृष्ण कुमार से कहा कि आपने मुझ तक नहीं आने दिया होगा। मैं चंडीगढ़ से चलकर आया हूं। पूरा प्रशासन यहां बैठा है। सारा अमला हमने यहां बिठा रखा है।
अगला संतुष्ट होकर घर बैठा है। हम फालतू हैं। उसके पास इतना भी समय नहीं है कि आकर अपनी बात बताए। केवल 12 शिकायतों को रखा गया है। उन्होंने शिकायत को पेंडिंग रखने और अगली बार शिकायतकर्ता को बुलाने के निर्देश दिए।
गांव ढाणी सांचला निवासी सुरेंद्र सिंह ने शिकायत की थी कि डेढ़ साल पहले तेज आंधी व बरसात के कारण बिजली की तारें टूट गई थी, जिस पर उसने बिजली निगम भूना को शिकायत की थी, जिस पर उन्होंने अस्थाई तौर पर तारें जोड़कर सप्लाई चालू कर दी। तारें काफी नीची है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

