UP News: कमरे में फंदे पर छात्र की लाश मिलने की सूचना पाकर माैके पर कछवां थाने की पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Mirzapur News: मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में असफल होने से आहत छात्र ने फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भैंसा गांव निवासी शिवांश चौबे (18) सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट का छात्र था। बुधवार को सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट घोषित हुआ। परिवार के मुताबिक रिजल्ट में शिवांश फेल हो गया था। इससे वह काफी परेशान और तनाव में था। रिजल्ट देखने के बाद वह घर के एक कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों में मचा कोहराम
बताया गया कि शिवांश की मां उसे बुलाने के लिए कमरे के पास पहुंचीं। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उन्होंने खिड़की से अंदर झांका तो बेटा चादर के फंदे के सहारे पंखे के हुक से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही मां चीख पड़ीं और जोर-जोर से रोने लगीं। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा तोड़ा और शिवांश को नीचे उतारा। आनन-फानन में उसे कछवां स्थित क्रिश्चियन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
मृतक के पिता अनुज चौबे ने बताया कि इंटरमीडिएट परीक्षा में असफल होने के कारण शिवांश काफी निराश था। इसी तनाव में उसने यह कदम उठा लिया। थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।