सुखवीर कौर बराड़ अपने पति इकबाल सिंह बराड़ के साथ पिछले कई वर्षों से फिलीपींस में रह रही थीं और वहां फाइनांस कारोबार से जुड़ी हुई थीं।

फरीदकोट के गांव घणिए वाला की रहने वाली सुखवीर कौर बराड़ की फिलीपींस की राजधानी मनीला में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब वह अपने फाइनांस कारोबार की वसूली के सिलसिले में बाजार जा रही थीं। घटना के बाद परिवार और गांव में गहरा शोक है।
जानकारी के अनुसार सुखवीर कौर बराड़ अपने पति इकबाल सिंह बराड़ के साथ पिछले कई वर्षों से फिलीपींस में रह रही थीं और वहां फाइनांस कारोबार से जुड़ी हुई थीं। बताया जा रहा है कि इन दिनों इकबाल सिंह अपने पैतृक गांव घणिए वाला आए हुए थे, जबकि कारोबार की जिम्मेदारी सुखवीर कौर संभाल रही थीं। एक दिन पहले रविवार को जब वह वसूली के लिए निकलीं तो रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमला इतना अचानक था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।


