लुधियाना के गांव एतिआणा के पशु चारा कारोबारी कुंदन लाल ने शनिवार रात को जहर निगल लिया था। रविवार को उनकी माैत के बाद बेटे ने पुलिस को दो सुसाइड नोट दिए थे। अब पूरे मामले में बड़ा खुलासा हुआ है।

लुधियाना के गांव एतिआणा के पशु चारा कारोबारी बुजुर्ग कुंदन लाल (82) के खुदकुशी करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस को मृतक की जेब से जो दो पेज का खुदकुशी नोट मिला था वो फर्जी था।
इस नोट को बुजुर्ग के बेटे धरमिंदर कुमार ने लिखा था ताकि देनदारों को झूठे केस में फंसाकर वसूली कर सके। देर रात इस साजिश का खुलासा होने से सनसनी मच गई।
हस्ताक्षर में कर दी बड़ी गलती
धरमिंदर ने खुदकुशी नोट लिखने में सबसे बड़ी गलती पिता के हस्ताक्षर में कर दी जिसके चलते वो पकड़ा गया। जल्दबाजी में धरमिंदर ने पिता के हस्ताक्षर अंग्रेजी में करते हुए कुंदन लाल की जगह कुंदन सिंह लिख दिया। इसी से उसकी पोल खुल गई।
सख्ती से पूछताछ में धरमिंदर कुमार ने अपनी गलती मान ली। इसके बाद गांव की पंचायत ने भी उसका साथ छोड़ दिया। सुधार पुलिस ने धरमिंदर कुमार के खिलाफ फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया और कुंदन लाल के खुदकुशी मामले में धारा 174 में कानूनी कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। शाम को गांव के शमशानघाट में कुंदन लाल का अंतिम सस्कार कर दिया गया।
शनिवार रात को निगला था जहर
पुलिस को ऐसे हुआ शक
थाना सुधार के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे ने पुलिस को दो पन्नों का एक सुसाइड नोट सौंपा था, जिसमें कई लोगों पर करीब 35 लाख रुपये न लौटाने का आरोप लगाया गया था। नोट में लिखा गया था कि देनदारों द्वारा फोन न उठाने के कारण कुंदन लाल मानसिक तनाव में थे और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।
इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह के अनुसार उन्हें शक तब हुआ जब सुसाइड नोट में ये लिखा देखा कि कई लोगों से 35 लाख लेने थे। इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि उनकी 35 वर्ष की नौकरी में ऐसे केस तो आए जहां कर्ज के चलते किसी ने आत्महत्या की हो परंतु ये पहला केस था जिसमें किसी ने लोगों से 35 लाख लेने हो और जहर निगल लिया हो। इसी शक में उन्होंने बारीकी से जांच की तो जांच के दौरान सुसाइड नोट की लिखावट संदिग्ध लगी।
शुरुआत में देखने पर ही यह लिखावट किसी 81-82 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की प्रतीत नहीं हो रही थी। इसके अलावा, मृतक का नाम कुंदन लाल था, जबकि नोट के नीचे अंग्रेजी में कुंदन सिंह के हस्ताक्षर किए गए थे।
इसके बाद पुलिस ने मृतक के बेटे धरमिंदर कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया। सख्ती से पूछताछ के दौरान पूरा मामला स्पष्ट हो गया और कथित सुसाइड नोट की सत्यता सामने आ गई। पुलिस जांच के दौरान गांव की पंचायत ने भी स्पष्ट कर दिया कि वह किसी भी गलत या झूठे मामले में धरमिंदर कुमार का समर्थन नहीं करेगी। पंचायत के इस रुख के बाद धरमिंदर टूट गया ।
किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं
इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश या खुदकुशी के लिए उकसावे के प्रमाण नहीं मिले। इसलिए मामले में किसी के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और कुंदन लाल का शव परिजनों को सौंप दिया।


