UP: 1.72 करोड़ का सोने-चांदी, 18 लाख नकद, प्रेमिका संग सट्टा गैंग चला रहा था यूपी पुलिस का सिपाही; लवर अरेस्ट

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

यूपी पुलिस में सिपाही के सट्टा गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। प्रेमिका से 1.46 करोड़ के सोने के बिस्कुट समेत गहने और 18 लाख रुपये बरामद हुए हैं। आरोपी सिपाही सेवा से बर्खास्त हुआ है।

UP Police Constable Betting Racket Busted Girlfriend Arrested in jhansi

झांसी पुलिस ने सट्टा गैंग का भंडाफोड़ किया है। एक युवती को पुलिस ने पकड़ा है। दरअसल, यूपी पुलिस में आरक्षी रजत कुमार अपनी प्रेमिका यशस्वी द्विवेदी के साथ मिलकर सट्टा गैंग चला रहा था। पुलिस ने देर-रात गैंग का भंडाफोड़ करते हुए पॉश कॉलोनी रॉयल सिटी के फ्लैट से सिपाही की प्रेमिका समेत एक युवती को गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस की भनक लगने पर सिपाही भाग निकला। यशस्वी के पास से पुलिस ने 1.72 करोड़ का सोने-चांदी समेत 18 लाख रुपये नकद बरामद किया। इस गैंग के साथ भी भाजपा नेता आशीष उपाध्याय की साठगांठ मिली है। गैंग का भंडाफोड़ होने के साथ ही एसएसपी ने रजत को सेवा से बर्खास्त कर दिया। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।

शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि रॉयल सिटी के फ्लैट संख्या एलएस-9 में ऑनलाइन सट्टा की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। फ्लैट से कोतवाली निवासी यशस्वी द्विवेदी (24) और प्रेमनगर निवासी निशा खान (32) को गिरफ्तार किया गया। 

वहां ट्राली बैग के अंदर 100-100 ग्राम के 9 सोने के बिस्कुट समेत कुल 939 ग्राम सोने के गहने, 4 किलोग्राम चांदी के बिस्कुट और 18 लाख रुपये नकद मिला। यशस्वी के पास से लैपटॉप, 12 मोबाइल भी बरामद हुए।

पूछताछ में यशस्वी ने बताया कि मूल रूप से हाथरस के थाना सादाबाद के शमदपुर गांव निवासी आरक्षी रजत सिंह के साथ करीब चार साल से वह लिव इन रिलेशन में है। रजत ने फ्लैट किराये पर लेकर उसे दिया था। रजत के कहने पर वह सट्टेबाजी का काम देखती थी।

कुछ दिनों पहले रजत ने यह सारा सामान फ्लैट में लाकर रखा था। यशस्वी ने पुलिस को भाजपा नेता आशीष उपाध्याय, नगरा निवासी सुमित साहू, अयोध्यापुरी कॉलोनी निवासी विशेष भार्गव एवं नगरा निवासी प्रभात अग्रवाल के नाम भी बताए। एसएसपी के मुताबिक सिपाही रजत को बर्खास्त कर दिया गया। सभी वांछितों की तलाश की जा रही है।

12 दिन पहले सेवानिवृत्त सहायक रजिस्ट्रार काे रौंदा था
आरोपी सिपाही रजत कुमार ने ही 12 दिन पहले बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में थार गाड़ी से रिटायर्ड असिस्टेंट रजिस्ट्रार मनीराम वर्मा (70) को रौंद दिया था। मनीराम की मौके पर मौत हो गई थी। तब उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। एसएसपी ने उसे निलंबित करके उसके खिलाफ जांच भी शुरू कराई थी।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई