सेल्समैन ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उससे कैश मांगा पर उन्होंने नकदी देने के बजाय हाथ से पिस्टल को साइड पर करते हुए शोर मचा दिया। इस दौरान पिस्टल से गोली चल गई।

राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तरावड़ी के नजदीक स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर शनिवार को सुबह लूट के प्रयास का मामला सामने आया। बाइक पर पेट्रोल डलवाने के बाद बदमाश ने सेल्समैन पर ही पिस्टल तान दी और कैश मांगने लगा। सेल्समैन ने हिम्मत से बदमाश का हाथ झटका तो हवाई फायर हो गया। आवाज सुनकर जब दूसरा कर्मचारी बाहर आया तो बाइक सवार बदमाश भाग निकले। पुलिस जांच में जुटी है। शनिवार को सुबह बिना नंबर प्लेट की काली बाइक पर युवक पेट्रोल डलवाने के लिए पहुंचा, सेल्समैन सुरेश कुमार से 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया और पैसे भी दे दिए। जैसे ही सेल्समैन पेट्रोल डालने के बाद अंदर जाने लगा तो बदमाश उसके पीछे चल पड़ा और उस पर पिस्टल तान दी।
सेल्समैन ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उससे कैश मांगा पर उन्होंने नकदी देने के बजाय हाथ से पिस्टल को साइड पर करते हुए शोर मचा दिया। इस दौरान पिस्टल से गोली चल गई। गनीमत रही कि गोली हवा में चली। आवाज सुनकर अंदर से दूसरा कर्मचारी नरेश कुमार भी बाहर आ गया। इससे पंप पर अफरा तफरी मच गई और आरोपी मौका पाकर मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
तरावड़ी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि मौके से खोल बरामद हुआ है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।