UP Wedding Drama: ‘वेल्डिंग’ वाला बदला और ‘हवालात’ वाली शादी, कोई जेल गया तो कोई मंडप छोड़ भागी, पढ़ें मामला

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

UP Wedding Dispute And Drama News: जालौन में बरात में न बुलाने से नाराज चाचा ने दूल्हे के घर के दरवाजे को वेल्डिंग करवाकर सील कर दिया। फतेहपुर में एक दूल्हे को प्रेमिका के हंगामे के चलते घोड़ी चढ़ने से पहले ही जेल जाना पड़ा। इसके अलावा एक अन्य मामले में जयमाल के बाद दुल्हन प्रेमी की धमकी के कारण मंडप छोड़कर भाग गई।

Kanpur Uncle Welds House Shut Girlfriend Sends Groom to Jail And the Brides Were No Less Dramatic

जालौन जिले मे कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारोभास्कर में पारिवारिक विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नाराज चाचा ने दूल्हे के घर के मुख्य दरवाजे को वेल्डिंग कर सील करा दिया। यह घटना उस समय हुई जब दूल्हे की बरात झांसी गई हुई थी और घर पर ताला पड़ा था।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला नारोभास्कर निवासी मुहम्मद माजिद की बरात बुधवार की शाम झांसी गई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद गुरुवार सुबह जब माजिद पत्नी नजमा और बरातियों के साथ घर वापस पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा वेल्डिंग कर बंद कर दिया गया है।

मुख्य दरवाजे को वेल्डिंग करवा कर सील कराया
परिजनों का आरोप है कि माजिद ने शादी में अपने चाचा मुहम्मद अजहर को आमंत्रित नहीं किया था, जिससे नाराज होकर उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि जब पूरा परिवार बरात लेकर झांसी गया हुआ था और घर खाली था। उसी दौरान चाचा ने मौका पाकर मुख्य दरवाजे को वेल्डिंग करवा कर सील करा दिया।

पुलिस की मौजूदगी में वेल्डिंग कटवाई गई
घर पहुंचने पर दरवाजा बंद मिलने से दूल्हा-दुल्हन और परिजन परेशान हो गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजे की वेल्डिंग कटवाई गई और ताला तोड़कर घर को खुलवाया गया।

पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है मामला
इसके बाद दुल्हन नजमा का गृह प्रवेश कराया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। सीओ शैलेंद्र बाजपेई का कहना है कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है और जांच की जा रही है। आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तीन घंटे तक दरवाजे के बाहर खड़ा रहा दूल्हा, परिजन परेशान होते रहे
घर का दरवाजा बंद होने से दूल्हा-दुल्हन और परिजन बाहर ही रुक गए। हालात ऐसे बने कि दूल्हा करीब तीन घंटे तक दरवाजे के बाहर खड़ा रहा और परिजन परेशान होते रहे। काफी मशक्कत के बाद वेल्डिंग मिस्त्री को बुलाया गया, जिसने दरवाजे की वेल्डिंग काटकर उसे खुलवाया।

घोड़ी चढ़ने से पहले दूल्हे की हवालात में कटी रात, फिर दुष्कर्म में जेल
फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र में प्रेमिका से धोखा कर शादी कर रहा प्रेमी पूरी रात हवालात में रहा। सुबह दुष्कर्म के आरोप में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया। वहीं, खखरेरू थाना क्षेत्र के एक गांव जाने वाली बरात की सभी तैयारियां धरीं रही गई।

शादी का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसाया
मध्य प्रदेश के सीधी जिले की युवती हरियाणा के गुरुग्राम में एक ऑटो सेंटर में नौकरी करती है। थरियांव थाने के सखियांव निवासी मोहित कंपनी की गाड़ी चलाता है। फेसबुक पर दोनों की दोस्ती हुई। युवती का आरोप है कि मोहित ने शादी का झांसा देकर उसे प्रेमजाल में फंसाया और जनवरी 2023 से साथ रहने लगा।

शारीरिक संबंध बनाता रहा और आर्थिक शोषण भी किया
इस दौरान वह शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाता रहा और आर्थिक शोषण भी किया। फरवरी में मोहित घर लौट आया और शादी की बात कहकर युवती को फतेहपुर बुलाया। यहां कागजात तैयार कराए और एक होटल में उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद परिवार को मनाने का हवाला देकर उसे वापस भेज दिया। कुछ समय बाद युवती को मोहित की दूसरी जगह शादी की जानकारी मिली।

आरोपी को जेल भेज दिया गया
संपर्क करने पर मोहित ने शादी से इन्कार कर दिया। इस पर युवती बुधवार शाम थरियांव थाने पहुंची और पुलिस के साथ मोहित के घर जा पहुंची। उस समय बरात निकलने की तैयारी थी , दरवाजे पर बैंडबाजा बज रहा था और दूल्हे की गाड़ी (घोड़ी) सजी थी। युवती ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस युवक को थाने ले आई।

सभी को दोनों के संबंधों की जानकारी थी
प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फेसबुक पर दोस्ती के बाद युवती की पहचान मोहित के दोस्तों और परिजन से भी हो गई थी। सभी को दोनों के संबंधों की जानकारी थी।

लड़के पक्ष ने युवती को रकम देने का प्रस्ताव भी रखा
इसी बीच मोहित की शादी का कार्ड उसके एक परिचित ने सोशल मीडिया के जरिये युवती को भेज दिया जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया। इसके बाद युवती हरियाणा से सीधे थरियांव थाने पहुंच गई। थाने में देर रात तक समझौते की बातचीत चली। यहां लड़के पक्ष ने युवती को रकम देने का प्रस्ताव भी रखा।

प्रेमी के बुलावे पर मंडप छोड़ भागी दुल्हन
वहीं, फतेहपुर के ही खखरेरू थाना क्षेत्र में जयमाल की रस्म के बाद दुल्हन प्रेमी के बुलाने पर मंडप छोड़कर भाग गई। वह प्रेमी का इंतजार करती रही, लेकिन प्रेमी नहीं पहुंचा। इससे वह गश खाकर गिर पड़ी। काफी खोजबीन के बाद परिजन उसे बेसुध हालत में घर लेकर आए। यहां युवती ने शादी से इन्कार कर दिया। देर रात तक चली पंचायत के बाद बरात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।

घर के पीछे के रास्ते से निकली
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की बरात मंगलवार शाम खागा कोतवाली के एक गांव से आई थी। अगवानी के बाद जयमाल की रस्म संपन्न हुई। जब दूल्हा-दुल्हन मंडप पर वैवाहिक रस्मों के लिए बैठे तभी दुल्हन के पास एक फोन आया। वह कुछ देर में आने का बहाना बनाकर मंडप से उठी और घर के पीछे के रास्ते से निकल गई।

मंदिर के बाहर युवती बेसुध हालत में मिली
काफी समय बीतने पर जब वह नहीं लौटी, तो परिजन ने तलाश शुरू की। घर से करीब दो किलोमीटर दूर एक मंदिर के बाहर युवती बेसुध हालत में मिली। युवती ने बताया कि एक गांव के रहने वाले युवक से उसका आठ साल से प्रेम प्रसंग है। शादी की शाम से ही प्रेमी का फोन आ रहा था और उसने कोर्ट मैरिज की बात कही थी।

रास्ते में पुलिस ने रोक लिया है
युवती ने बताया कि प्रेमी ने साथ न आने पर जहर खाकर आत्महत्या की धमकी दी थी। इसी वजह से वह शादी छोड़कर मंदिर पहुंची थी। जब उसने प्रेमी से संपर्क किया, तो उसने बहाना बनाया कि उसे रास्ते में पुलिस ने रोक लिया है और उसे खागा लेकर जा रहे हैं। युवती करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करने के बाद बेहोश हो गई थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई