लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। लोगों में भय का माहौल है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
खन्नामें दिनदहाड़े दो अज्ञात युवकों ने सरेआम फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, घटना डीटी रोड पर स्थित एक ढाबे के पास हुई। गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावर दो युवक थे। एक युवक थोड़ी दूरी पर खड़ा रहा, जबकि दूसरे ने बंद पड़े प्रेम ढाबा को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए। हमलावरों ने ढाबे के शटर और आसपास की जगहों पर गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल, यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग के पीछे क्या कारण था, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है।