गोदारा गैंग के दो शूटर काबू: चंडीगढ़ के कारोबारी पर हमले की साजिश नाकाम, रंगदारी के बाद फायरिंग की थी योजना

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

आरोपियों ने सेक्टर-20 स्थित एक इमिग्रेशन कारोबारी पर फायरिंग करनी थी। इससे पहले 22 अप्रैल को रोहित गोदारा गैंग ने खरड़ के न्यू सनी एन्क्लेव निवासी कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।

Two Shooters from Godara Gang Apprehended in ambala Plot to Attack Chandigarh Businessman Foiled

चंडीगढ़ के एक कारोबारी की हत्या की साजिश रच रहे रोहित गोदारा गैंग के दो शूटरों को अंबाला एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा के गांव बड़ागांव निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ भूपेंद्र गुज्जर उर्फ थापा और राजस्थान के भरतपुर निवासी नितिन उर्फ जट्टा के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्हें सेक्टर-20 स्थित एक इमिग्रेशन कारोबारी पर फायरिंग करनी थी। इससे पहले 22 अप्रैल को रोहित गोदारा गैंग ने खरड़ के न्यू सनी एन्क्लेव निवासी कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

बताया गया कि पीड़ित ने कॉल उठाना बंद कर दिया जिसके बाद गैंग ने दो शूटरों को उस पर हमला करने के लिए भेज दिया। हालांकि वारदात से पहले ही दोनों आरोपी अंबाला में एसटीएफ के हत्थे चढ़ गए। वहीं, सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरोपियों के पकड़े जाने के अगले दिन 28 अप्रैल को शाम 5:20 बजे एफआईआर दर्ज की।

थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित ने शिकायत एसएसपी विंडो पर दी थी। चूंकि पीड़ित का कार्यालय सेक्टर-19 थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए अधिकार क्षेत्र को लेकर विचार-विमर्श के चलते एफआईआर दर्ज होने में देरी हुई। पुलिस अब मामले में मिली वॉयस रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही है ताकि कॉल करने वाले की पहचान की जा सके।

अंबाला पहुंचने पर मिलना था अगला टारगेट

भुपेंद्र और नितिन ने पूछताछ में बताया कि उन्हें बीकानेर निवासी रोहित गोदारा, राजस्थान के चुरू के वीरेंद्र उर्फ चारण और जयपुर के देवेंद्र ने हथियारों के साथ अंबाला भेजा था। अंबाला आने के बाद उन्हें अंबाला और चंडीगढ़ के आसपास के एरिया में वारदात करने के लिए टारगेट दिया जाना था कि कहां-कहां पर वारदात करनी है।

कॉल और वॉइस मैसेज के जरिये धमकियां दीं

पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें गोदारा गैंग की ओर से कॉल और वॉइस मैसेज के जरिये धमकियां दी गईं। पीड़ित के अनुसार जब उसे कॉल आई तब वह सेक्टर-40 में मौजूद था। आरोपी ने उसकी लोकेशन की जानकारी होने की बात भी कही जिससे उसे उसके पीछे गैंग के लोगों के लगे होने का शक हुआ। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

रंगदारी बढ़ाकर दो करोड़ कर दी

फोन न उठाने पर रोहित गोदारा गैंग ने पीड़ित से मांगी गई एक करोड़ रुपये की रंगदारी बढ़ाकर दो करोड़ कर दी। गैंग ने धमकी दी कि 24 घंटे में संपर्क न करने पर परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी खुद पीड़ित की होगी। आरोपियों ने कहा कि उनका रिकॉर्ड जांच ले, वे पहले भी लोगों को सुरक्षा के बीच घर में घुसकर मार चुके हैं और जरूरत पड़े तो गार्ड रखने के बावजूद हमला करेंगे।

दोबारा धमकी दी

बाद में गैंग ने दोबारा धमकी देते हुए कहा कि अब एक नहीं, दो करोड़ रुपये देने होंगे और उनके कॉल को नजरअंदाज करने वालों को वे खत्म कर देते हैं। आरोपियों ने चेतावनी दी कि अब दोबारा कॉल या वॉयस मैसेज नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि हथियारों के साथ शूटर भेजे जा रहे हैं, जो सीधे घर पहुंचकर गोली मारेंगे। साथ ही पीड़ित की पूरी जानकारी निकालने और कहीं भी भागने पर भी न बचने की धमकी दी गई।

Farheen
Author: Farheen

सबसे ज्यादा पड़ गई