तुगलपुर गांव में किराए के कमरे में युवक-युवती मृत मिले। अनबन के बाद युवक ने युवती की हत्या कर खुदकुशी की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तुगलपुर गांव में किराये के कमरे में सहमति संबंध में रह रहे युवक-युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर बुधवार शाम 6 बजे पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर युवक का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला जबकि युवती गद्दे पर मृत मिली। बताया गया कि कुछ दिनों से दोनों में अनबन चल रही थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने गला दबाकर युवती की हत्या की फिर फंदा लगा लिया। युवती के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। देवरिया के आदर्श नगर पिंडी स्थित महल मझरिया निवासी गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (27) कुछ माह पहले तक हैदराबाद की कंपनी में काम करते थे। आठ माह से ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव में सुरेंद्र नागर के मकान में तीसरी मंजिल पर किराये पर रहकर इलेक्ट्रिशियन का अपना काम कर रहे थे।
गुड्डू के साथ देवरिया निवासी ज्योति (24) भी रहती थीं। वह पांच माह पहले ही ग्रेनो में रहने आई थीं। ज्योति बैक्सन कॉलेज के हाउसकीपिंग विभाग में काम करती थीं। दोनों के साथ रहने की जानकारी उनके परिवार वालों को नहीं थी। गुड्डू एक अप्रैल को घर से हैदराबाद जाने की बात कहकर निकले थे।
कई दिनों से नहीं निकल रहे थे बाहर
पड़ोसियों के अनुसार, दो सप्ताह से दोनों के बीच घरेलू खर्च को लेकर विवाद चल रहा था। 20 अप्रैल के बाद से दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले थे। घटनास्थल से चुनरी बरामद हुई है जिससे युवती का गला घोंटने की आशंका जताई जा रही है। गाजियाबाद में रहने वाले युवक के चाचा लक्ष्मण पासवान ने बताया कि गुड्डू अविवाहित थे। हैदराबाद में ठेके पर इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। वह कुछ दिन पहले ही बहन के रिश्ते के सिलसिले में गांव आए थे। एक अप्रैल को वापस चले गए। कमरे से मिले मोबाइल फोन की जांच भी की जा रही है।
पति-पत्नी बताकर लिया था कमरा
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह पर कमरा लिया था। युवती मांग में सिंदूर भी लगाती थी जबकि दोनों की शादी नहीं हुई थी। युवक के परिवार में माता-पिता के अलावा छोटी बहन है जो गांव में रहते हैं। युवक की मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है। युवती के परिवार में माता-पिता के अलावा दो भाई और एक बहन है।
दोनों भाई बड़े हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या आरोप नहीं लगाया गया है। ऐसे में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह बोले अधिकारी
-युवक और युवती सहमति संबंध में रह रहे थे। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

