Ludhiana: लुधियाना की युवती की कनाडा में संदिग्ध परिस्थिति में मौत, रिटायर्ड सूबेदार के घर में मातम पसरा

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

अनमोलदीप के पिता सेना के रिटायर्ड सूबेदार परमिंदर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी 2021 में कनाडा गई थी और पढ़ाई के साथ वहां चाइल्ड केयर का काम भी कर रही थी।

Young Woman from Ludhiana Dies Under Suspicious Circumstances in Canada

नई आबादी अकालगढ़ सुधार बाजार की 24 वर्षीय अनमोलदीप कौर की कनाडा के ओंटारियो में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। अनमोलदीप कौर ओंटारियो में जॉर्जियन बैरी कॉलेज और घर के बीच स्थित पार्क में रोजाना की तरह सैर के लिए गई और वहीं बेंच पर बैठे-बैठे उसकी मौत हो गई।

पार्क में मौजूद लोगों ने अनमोलदीप कौर को हिला कर देखा लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थी। इसके बाद कनाडा पुलिस को सूचित किया गया। उसकी मौत की खबर मिलने से अनमोलदीप के घर में मातम छा गया है।

अनमोलदीप के पिता सेना के रिटायर्ड सूबेदार परमिंदर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी 2021 में कनाडा गई थी और पढ़ाई के साथ वहां चाइल्ड केयर का काम भी कर रही थी। वर्क परमिट पर कनाडा में रह रही अनमोलदीप कौर ने एक साल पहले अपनी पीआर की फाइल भी सबमिट कर दी थी।

परमिंदर सिंह ने बताया कि अनमोलदीप कौर ने पिछले दिनों अपनी मां अमरदीप कौर को विजिटर वीजा पर कनाडा बुलाने के लिए भी आवेदन किया था और जल्द ही वीजा मिलने वाला था। उन्होंने बताया कि कनाडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

उनका बेटा दिलप्रीत सिंह अमेरिका में रहता है और कनाडा पुलिस उसके संपर्क में है। दिलप्रीत जल्द कनाडा जा रहा है। कनाडा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है और चश्मदीदों के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।

परमिंदर सिंह ने बताया कि उनके घर में पैसे की कोई तंगी नहीं है और न ही अनमोलदीप ने कभी किसी परेशानी का जिक्र किया था। अनमोलदीप की अचानक मौत से परिवार की हालत खराब है और उसकी मां के आंसू नहीं रुक रहे हैं।

परमिंदर सिंह ने बताया कि वो मूल रूप से माणुके गांव के रहने वाले हैं और उनके गांव की समाजसेवी संस्था ही अनमोलदीप का शव भारत लाने में मदद करेगी। उन्होंने बताया कि कनाडा पुलिस कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। परमिंदर सिंह ने अपनी बेटी के खुदकुशी करने की किसी भी संभावना से इंकार करते हुए कहा कि कनाडा पुलिस की जांच में सच सामने आ जाएगा।

Farheen
Author: Farheen

सबसे ज्यादा पड़ गई