तहसील क्षेत्र के गांव गौतना में आवारा कुत्तों के हमले में राष्ट्रीय पक्षी मोर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे गौरक्षा दल के सदस्यों ने मोर को सुरक्षित बचाकर वन विभाग के अफसरों के सुपुर्द किया।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, गांव गौतना में एक राष्ट्रीय पक्षी मोर विचरण कर रहा था उसी वक्त कुछ आवारा कुत्तों ने एक मोर पर हमला बोल दिया। कुत्तों के झुंड ने मोर को बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने बमुश्किल कुत्तों को भगाकर मोर की जान बचाई। इसके बाद घटना की जानकारी गौरक्षा दल और वन विभाग को दी गई। सूचना पाकर गौरक्षा दल की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने घायल मोर का प्राथमिक उपचार कराया और फिर वन विभाग के अधिकारी भूरी सिंह को सूचित कर उन्हें सौंप दिया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मोर का उपचार कराया जा रहा है, स्वस्थ होने के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया जाएगा। इस बचाव कार्य के दौरान त्रिलोक वाष्र्णेय, नीरज वाष्र्णेय, दीपक सूर्यवंशी, राहुल सूर्यवंशी, नितिन रावल सहित समस्त ग्रामवासी मुख्य रूप से मौजूद रहे। ग्रामीणों ने गौरक्षा दल के इस त्वरित प्रयास की सराहना की है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS


