
हरियाणा में निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम के चुनाव 10 मई को होंगे।
नामांकन 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक होंगे। स्क्रूटनी 27 अप्रैल को होगी। नामांकन वापिस की अंतिम तिथि 28 अप्रैल होगी। इसी दिन चुनाव चिन्ह बांटे जाएंगे। चुनाव 10 मई को होंगे। पुनः मतदान की जरूरत पड़ी तो वह 12 मई को होंगे। 13 मई को नतीजे आएंगे।
चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने कहा कि नगर निगम चुनाव ईवीएम से ही होंगे। वीवीपैट का इस्तेमाल नहीं होगा।
कांग्रेस ने स्थानीय निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र समिति बनाई
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राज्य में होने वाले आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए एक घोषणा पत्र समिति का गठन किया है। इस समिति की चेयरपर्सन विधायक गीता भुक्कल होंगी।
समिति में चौ. आफताब अहमद, विधायक बीबी बतरा, विधायक जितेंद्र कुमार भारद्वाज, सदस्य एआईसीसी, जसबीर मल्लौर, पूर्व विधायक, संजीव भारद्वाज, मीडिया एवं कार्यालय प्रभारी, पीसीसी, तरुण चुघ, सतीश तेजली, जयवीर अंतिल शामिल हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि इस समिति को स्थानीय निकाय चुनावों से संबंधित प्रमुख मुद्दों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही चुनाव घोषणा पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही समिति को स्थानीय निवासियों से सक्रिय रूप से सुझाव और विचार प्राप्त करने के लिए भी कहा गया है, ताकि घोषणा पत्र जनता की समस्याओं और आकांक्षाओं को सही रूप में प्रतिबिंबित कर सके।