Haryana: अनाज मंडियों में सरकारी पोर्टल फेल, गेट पास और बायोमेट्रिक में दिक्कत; भड़के किसान

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

मंडी में बढ़ती भीड़ और तकनीकी खामियों के चलते हालात तनावपूर्ण हो गए। नाराज किसानों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नए नियमों पर सवाल उठाए।
Government portal fails in grain markets

जगाधरी अनाज मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे किसानों को उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा जब सरकारी पोर्टल बार-बार ठप हो गया। बायोमेट्रिक प्रक्रिया बाधित होने से मंडियों में गेट पास नहीं कट पाए। देखते ही देखते मंडियों के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी लाइनें लगने लगी। गेट पास कटने में समय लगने से नाराज किसानों ने मंडी गेट पर विरोध जताया। ऐसे में मौके पर पुलिस भी बुलानी पड़ी।

किसानों का आरोप है कि सरकार द्वारा शुरू किया गया ऑनलाइन पोर्टल बार-बार बंद हो रहा है, जिससे गेट पास जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। किसान सुल्तान हरनौली, सोहिल हरनौल, विकास, यशपाल, कर्मबीर ने बताया कि साइट हर थोड़ी देर में क्रैश हो जाती है, जिसके चलते बायोमेट्रिक सत्यापन भी नहीं हो पा रहा। कई किसानों ने कहा कि उन्हें दो-दो घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। 

मंडी में बढ़ती भीड़ और तकनीकी खामियों के चलते हालात तनावपूर्ण हो गए। नाराज किसानों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नए नियमों पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि बिना पर्याप्त व्यवस्था के लागू की गई यह नई प्रणाली किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। किसानों ने मांग की है कि पोर्टल की खामियों को जल्द दूर किया जाए और गेट पास व बायोमेट्रिक प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके। प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति को संभालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
दो दिन से दिक्कत आ रही है: विशाल गर्ग
मार्केट कमेटी सचिव विशाल गर्ग ने बताया कि पिछले दो दिनों से साइट में दिक्कत आ रही है। रविवार को भी दिक्कत आई। इस समस्या के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। जल्द ही समाधान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
priya singh
Author: priya singh