बदायूं में दर्दनाक घटना: चलती कार में लगी आग, महिला की जिंदा जलकर मौत, बचाने में पति झुलसा

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। उसहैत थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चलती कार में आग लगने से महिला की जलकर मौत हो गई, जबकि उसका पति झुलस गया। पति का कहना है कि पत्नी पीछे वाली सीट पर सो रही थी। उसने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह नाकाम रहा।

बदायूं में दर्दनाक हादसा:चलती कार में लगी आग, जिंदा जलकर पत्नी की मौत,  बचाने में पति झुलसा - Car Catches Fire While Moving Wife Burnt Alive  Husband Burns While Attempting Rescue In

बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लखनऊ से इलाज कराकर लौट रहे दंपती की चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में पति गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार उसहैत निवासी अर्पित भारद्वाज अपनी पत्नी प्रिया भारद्वाज को लखनऊ के एक निजी अस्पताल से छुट्टी कराकर देर रात घर वापस जा रहे थे। रात करीब 1:30 बजे उनकी कार उसहैत थाना के ग्राम रहौटा के पास पहुंची ही थी। इसी दौरान कार से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

पीछे की सीट पर सो रही थी प्रिया
स्थिति को भांपते हुए अर्पित ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और किसी तरह खुद बाहर निकल आए। अर्पित के मुताबिक उन्होंने पीछे की सीट पर सो रही पत्नी प्रिया को बाहर निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण वह कार के अंदर तक नहीं पहुंच सके और उनकी आंखों के सामने ही उनकी पत्नी जिंदा जल गई।

पत्नी को बचाने के प्रयास में अर्पित के हाथ और चेहरा बुरी तरह झुलस गए। बताया जाता है कि घटना के बाद वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो अर्पित अचेत अवस्था में पड़े मिले और कार पूरी तरह जल चुकी थी।

फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग 
सूचना पर उसहैत थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अर्पित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

बताया जाता है कि अर्पित और प्रिया की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी एक वर्ष की मासूम बच्ची है, जो घटना के समय अपने दादा-दादी के पास उसहैत में ही थी। मासूम बच्ची को अभी इस बात का अहसास भी नहीं है कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही।

इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई