गांव महिमा सरजा में कुलदीप सिंह का जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद में उसकी मां ट्रैक्टर के आगे लेट गई थी। पूरे मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

बेटा कुलदीप सिंह ट्रैक्टर ले जा रहा था तो उसकी बुजुर्ग मां नसीब काैर ट्रैक्टर के आगे लेट गई। इस दौरान कुलदीप ने ट्रैक्टर का अगला हिस्सा नसीब कौर के ऊपर चढ़ा दिया, लेकिन बुजुर्ग बाल बाल बच गई। इसके बाद ट्रैक्टर चालक नीचे उतरा और अपनी मां को घसीट कर ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और साइड कर दिया। मां दोबारा ट्रैक्टर के आगे आई तो ट्रैक्टर चालक ने अपने साथी को बुलाया और ट्रैक्टर लेकर चला गया।
यह पूरी घटना गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जब ट्रैक्टर चालक बेटे ने अपनी मां को घसीट कर ट्रैक्टर के नीचे से निकाला था, तो उस दौरान महिला को चोटें लगी थी। महिला को सिविल अस्पताल गोनियाना में दाखिल करवाया गया है। वहीं भुच्चो के डीएसपी अमृतपाल सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सीसीटीवी वीडियो को शामिल करके अगली कार्रवाई की जाएगी।