🎙️ रिपोर्ट: शमीम इकबाल
अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र स्थित रामघाट रोड पर नेशनल अस्पताल में ऑपरेशन के बाद एक युवक की मौत से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, जवां सुमेरा निवासी मेहंदी हसन को अपेंडिक्स की शिकायत के बाद एमआरएस पेट्रोल पंप के सामने स्थित नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, युवक का ऑपरेशन एक प्रतिष्ठित डॉक्टर द्वारा किया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद युवक की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही गुस्साए परिजन और ग्रामीण अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इलाज विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा किया गया और स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचित किया गया।
थाना क्वार्सी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।