🎙️ रिपोर्ट: शमीम इकबाल
अलीगढ़ में संचालित अलीगढ़ पब्लिक स्कूल में करीब 4.8 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि स्कूल के खाते से फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए करोड़ों रुपये का ट्रांसफर किया गया, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस पूरे खेल को अंजाम देने के लिए पूर्व रजिस्ट्रार के कथित फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया। दस्तावेजों पर जाली साइन कर बैंक से बड़ी रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कराई गई। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस की विशेष टीम अब उन बैंक खातों और ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड की जांच कर रही है, जहां यह रकम भेजी गई। शुरुआती जांच में बैंक अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। पुलिस का मानना है कि बिना मिलीभगत या गंभीर लापरवाही के इतनी बड़ी रकम का ट्रांसफर संभव नहीं था।
इस प्रकरण के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि जांच पूरी होने तक कुछ जिम्मेदार अधिकारियों को उनके पदों से हटाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस और संबंधित प्रशासन मामले की गहराई से जांच में जुटे हैं ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।