Haryana: चौबारे में लेटे रह गए दोनों भाई, चोर दिनदहाड़े चुरा ले गए सात लाख कैश और गहने

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

चोर दिनदहाड़े घर में घुसे और घर में मौजूद दोनों भाइयों की इसकी भनक तक नहीं लगी।
UP Police Claims Sharp Decline in Crime Rate; Former Top Cops Term it  'Fake' | NewsClick
सांपला मार्ग पर स्थित महावीर कॉलोनी में दिन में ही घुसकर चोरों ने सात लाख 20 हजार रुपये और आठ लाख के गहने चोरी कर लिए। घर में मौजूद दो भाइयों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पड़ोस में गई उनकी मां वापस आई तो गेट पर लगा ताला खुला मिला जिससे चोरी का पता चला। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है

पुलिस को दी शिकायत में हितेश ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से पाई गांव से आकर खरखौदा की महावीर कॉलोनी में रह रहा है। रविवार को वह और उनके भाई हिमांशु ऊपर चौबारे में सो रहे थे। सुबह करीब दस बजे उनकी मां बेबी घर के मेन गेट पर ताला लाकर पड़ोस में किसी काम से चली गईं। उन्होंने बताया कि जब उनकी मां 11 बजे के आसपास घर लौटीं तो मेन गेट पर लगा ताला खुला हुआ मिला। मां ने घर में आकर देखा तो सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी गायब थी। कमरों के ताले टूटे हुए थे। मां ने उन्हें आवाज देकर नीचे बुलाया।

मां ने मंदिर वाले कमरे में जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। वहीं, मंदिर के नीचे बने लॉकर को चेक किया तो उसमें रखे आठ लाख के सोने-चांदी के गहने और सात लाख 20 हजार रुपये गायब थे। चोरों ने करीब एक घंटे के अंदर न केवल मेन गेट का ताला खोला बल्कि मंदिर में बने लॉकर को भी खोलते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

वह पहचान में न आएं इसलिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। शिकायत पर पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

priya singh
Author: priya singh

सबसे ज्यादा पड़ गई