मौसम विभाग ने पंजाब के लिए दो दिनों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत तकरीबन सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और साथ में बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है।

पंजाब और चंडीगढ़ में माैसम में बदलाव की संंभावना है। बुधवार को आकाश में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश से तापमान में 3.5 डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इससे तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वीरवार को भी मौसम खराब रहेगा।
मौसम विभाग ने पंजाब के लिए दो दिनों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत तकरीबन सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और साथ में बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है। विभाग के मुताबिक इससे आने वाले दिनों में पंजाब में दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
चंडीगढ़ में 48 घंटे में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने चंडीगढ़ के लिए अगले 48 घंटों का येलो अलर्ट जारी किया है। शहर में 19 और 20 मार्च को गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
बारिश और बादलों के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है जबकि रात का पारा 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
हालांकि 21 से 23 मार्च के बीच मौसम में कुछ सुधार देखने को मिलेगा। इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार हाल ही में शहर का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से थोड़ा कम रहा। वहीं कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
