शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र में बुधवार सुबह कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर रोडवेज बस और कार की टक्कर होने से तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हुए हैं।

शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। बरेली फर्रुखाबाद हाईवे पर सुगसुगी मोड़ से पहले रोडवेज बस और कार की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 30 वर्षीय अरुण, 32 वर्षीय ऋषभ और 30 वर्षीय संजय की मौत हो गई। तीन युवक लखीमपुर खीरी के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के मुड़ा खालसा अमीन नगर के निवासी थे। दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर ही तीनों युवकों की मौत
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब सात बजे बरेली डिपो की रोडवेज बस और कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार अरुण, ऋषभ और संजय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनिल और गौरव निवासी मूड़ा भाई छतौनिया, थाना हैदराबाद, जिला लखीमपुर खीरी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
मार्ग पर यातायात रहा प्रभावित
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया गया है कि सुबह के वक्त घना कोहरा था। आशंका है। कोहरे के कारण ही हादसा होने की आशंका जताई गई है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कारवाही की जाएगी।