बरेली के धोपेश्वरनाथ मंदिर के सेवादार युवक ने आत्महत्या कर ली। मंगलवार को उसका शव घर में ही फंदे से लटका मिला। मरने से पहले उसने वीडियो बनाया, जिसमें अपने परिवार, प्रेमिका और पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाया है।

बरेली के कैंट इलाके में स्थित धोपेश्वर नाथ मंदिर के सेवादार युवक विजय राठौर ने फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने 32 मिनट 34 सेकेंड का एक वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड किया। इसमें उसने प्रेमिका के घरवालों के साथ अपने परिजनों पर भी प्रताड़ित करने व पीटने का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस से झूठी शिकायत करने और पुलिस पर रुपये लेने का भी आरोप लगाया है।
अब मेरे पास यही रास्ता बचा है…
यूट्यूब पर दो दिन पहले अपलोड किए गए वीडियो में विजय कहता है कि मैं आज या कल में सुसाइड कर लूंगा। बहुत परेशान हूं। पूरी-पूरी रात सो नहीं पाता हूं। मुझे मेरे घरवालों ने और जिस लड़की की वजह से सुसाइड कर रहा हूं, इन सबने मुझे इतना परेशान कर दिया है कि मेरे पास यही रास्ता बचता है। पुलिसवालों ने पैसा खाया है। मेरे खिलाफ झूठी शिकायत की गई। जबकि सबको पता था कि मैं ऐसा नहीं कर सकता हूं। किसी ने मेरे साथ अच्छा नहीं किया।
दो साल पहले हुई थी मुलाकात
विजय आगे कहता है कि वह उस लड़की से दो साल पहले धोपेश्वर नाथ मंदिर में मिला था। इंस्टाग्राम पर उससे बातचीत हो गई। मैंने उसे प्रपोज किया था। हमारे बीच में सब कुछ अच्छा चल रहा था। महाशिवरात्रि से पहले उनकी अनबन हुई। फिर एक महीने तक उसने बात नहीं की। फिर एक दिन उसने मैसेज किया कि हमारे बीच अब कुछ नहीं हो सकता है। वह उसके आगे बहुत गिड़गिड़ाया, लेकिन वह नहीं मानी। विजय ने कहा कि मैं ये वीडियो बरेली एसएसपी के पास भिजवाना चाहता हूं। मैंने सुना है वह बहुत अच्छे अफसर हैं। मरने के बाद मुझे इंसाफ मिले।