होली पर महानदरों से लौटने की राह मुश्किल हो गई है। ट्रेनों में टिकट फुल है। वहीं विमानन कंपनियों ने दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू का किराया बढ़ा दिया है। आम दिनों में 3000 का टिकट अब 8900 का हो गया है।

होली में अब चार दिन बचे हैं। ऐसे में महानगरों में काम करने वाले लोग अपने घरों को लौट रहे हैं। इस कारण विमानों में सीटें नहीं बची हैं। सीटों की बुकिंग को देखते हुए विमानन कंपनियों ने किराया दोगुने से अधिक बढ़ा दिया है। दिल्ली से वाराणसी आने का किराया जहां आम दिनों में 3000-4000 रुपये के बीच होता है, वह बढ़कर 7800 से 8900 रुपये के बीच हो गया है।
टिकट बुकिंग साइट के अनुसार सबसे अधिक बुकिंग दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू की हुई है। इन शहरों से आने वाले विमानों में 2 और 3 मार्च को सीटें फुल हैं। इसे देखते हुए विमानन कंपनियों ने किराया बढ़ा दिया है।
बगलूरू का किराया आम दिनों में 4 से 5 हजार रुपये होता है। इस समय एयर इंडिया एक्सप्रेस का 11041 रुपये, इंडिगो का 7628 रुपये और अकासा एयर का 7339 रुपये है। हैदराबाद से आने का किराया भी महंगा है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस का 12569 रुपये, इंडिगो का 12619 रुपये और एयर इंडिया का किराया 11731 रुपये है। बढ़े किराये को देखते हुए लोग ट्रेन और निजी बसों की ओर रुख कर रहे हैं। हालांकि त्योहार पर ट्रेन और बसों में भी सीटें फुल चल रही हैं।