पिछले कई दशकों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे शाहजमाल, खैर रोड, ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में नगर निगम ने जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसके तहत अगले 10 दिनों में शाहजमाल पंपिंग स्टेशन से खैर रोड तक नई राइजिंग मेन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा।

इससे पंपिंग स्टेशन की जल निकासी क्षमता 30 हजार लीटर प्रति मिनट से बढ़कर करीब एक लाख लीटर प्रति मिनट हो जाएगी। महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बृहस्पतिवार को ईदगाह ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन पर 1010 केवीए क्षमता के नए जनरेटर का बटन दबाकर लोकार्पण किया।
नगर निगम ने जनरेटर की खरीद और स्थापना पर 95.50 लाख रुपये खर्च किए हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि ईदगाह ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन शहर के प्रमुख और निचले क्षेत्रों में स्थित पंपिंग स्टेशनों में शामिल है। यहां नियमित रूप से करीब 20 एमएलडी पानी की निकासी होती है। स्टेशन पर 100 एचपी क्षमता के पांच पंप सेट लगे हैं।
16 करोड़ से बनेगा नया पंपिंग स्टेशन
नगर निगम शाहजमाल क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से 1000 किलोलीटर प्रति मिनट क्षमता का नया पंपिंग स्टेशन स्थापित करने की तैयारी कर रहा है। यह परियोजना अर्बन फ्लड और स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के तहत तैयार की जाएगी।
नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश मीणा के अनुसार इस व्यवस्था से शाहजमाल, खैर रोड, नगला मसानी, हड्डी गोदाम, चरखवालान, पंतनगर, देहलीगेट, तुर्कमान गेट, सराय मियां और सराय काबा समेत बड़े इलाके की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी। कार्यक्रम में पार्षद मुशर्रफ हुसैन महजर, राजा भैया, हारून, इरशाद, बाबर तालिब, इकबाल सहित अधिशासी अभियंता अजय सक्सेना आदि मौजूद रहे।