भाजपा नेताओं ने कहा कि जिस मुख्यमंत्री ने पंजाब में कानून व्यवस्था बहाल करने और आतंकवाद को खत्म करने के लिए अपनी जान दे दी क्या उनका पोता गद्दार हो सकता है, फिर तो बेअंत सिंह का बुत पंजाब कांग्रेस मुख्यालय से हटा देना चाहिए।

राहुल गांधी के केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को गद्दार कहने पर पंजाब में सियासी भूचाल आ गया है। भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। वीरवार को चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रितपाल सिंह और मीडिया सचिव विनीत जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। दोनों नेताओं ने कहा कि कांग्रेसी पंजाब कांग्रेस मुख्यालय में लगे पूर्व सीएम बेअंत सिंह के बुत के सामने खड़े होकर एक बार कह दें कि बिट्टू गद्दार है।
भाजपा ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वड़िग के बयान पर पलटवार किया। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वड़िंग ने कहा था कि बिट्टू कांग्रेस पार्टी के गद्दार ही रहेंगे, जो भाजपाइयों से बात नहीं करना चाहते थे वही लोग आज बिट्टू के बॉस हो गए। वड़िंग ने भाजपाइयों को लताड़ता हुआ बिट्टू का एक वीडियो भी पोस्ट किया था।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जिस मुख्यमंत्री ने पंजाब में कानून व्यवस्था बहाल करने और आतंकवाद को खत्म करने के लिए अपनी जान दे दी क्या उनका पोता गद्दार हो सकता है, फिर तो बेअंत सिंह का बुत पंजाब कांग्रेस मुख्यालय से हटा देना चाहिए। भाजपा ने चुनौती दी कि कांग्रेसी पूर्व मुख्यमंत्री शहीद बेअंत सिंह के बुत के सामने खड़े होकर उसके पोते को गद्दार कहने की हिम्मत दिखाएं।
प्रितपाल सिंह ने कहा कि कल तक बिट्टू कांग्रेस में थे तो राहुल गांधी के अच्छे दोस्त थे अब जब वह भाजपा में है और भाजपा ने उन्हें केंद्र में राज्य मंत्री बना रखा है तो बिट्टू गद्दार बन गए। बिट्टू केंद्र में पंजाब व पंजाबियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। राहुल गांधी द्वारा उन्हें ऐसा आपत्तिजनक शब्द कहना पंजाबियों का अपमान है।



