स्कूटी सवार चारों युवक एक पैलेस में वेटर का काम करते थे और देर रात ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। स्कूटी पर सवार युवकों में दो प्रवासी भी शामिल थे।

होशियारपुर में कार की टक्कर से स्कूटी सवार चार युवकों की मौत हो गई है। हादसा बीती रात करीब डेढ़ बजे मुकेरियां के नेशनल हाईवे पर हुआ। हादसा उस समय हुआ जब एक वेन्यू कार ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार स्कूटी सवार चारों युवक एक पैलेस में वेटर का काम करते थे और देर रात ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। स्कूटी पर सवार युवकों में दो प्रवासी भी शामिल थे। जैसे ही वे मुकेरियां चुंगी के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार वेन्यू कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी सवार युवक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराए, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सुखविंदर सिंह और नरिंदर कुमार के रूप में हुई है, जबकि अन्य दो युवकों की पहचान प्रवासी विविध साहू और मिथुन मंडल के रूप में हुई है, जो बिहार के दरभंगा जिले से संबंधित थे।
घटना की सूचना मिलते ही मुकेरियां पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने वेन्यू कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
