Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि पाली सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा। कई जिलों में धूप खिली तो कहीं कोहरा और हल्की ठंडक बनी रही।

पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से राजस्थान में बार-बार मौसम बदल रहा है। सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहा। धूप खिली रही। वहीं आज फिर से मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 7 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 17 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा और धूप निकलने से लोगों को तेज सर्दी से राहत मिली।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पूर्वी राजस्थान के करौली, भरतपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू के इलाकों में कोहरे का असर देखा गया। कोटा, बूंदी और बारां में दिनभर धुंध और बादल छाए रहे। सीकर, पिलानी और फतेहपुर में कोहरे के साथ हल्की सर्द हवाएं चलीं, जिससे दिन में ठंडक बनी रही और धूप कमजोर पड़ी। इसके चलते इन इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान की बात करें तो पाली राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि, शेष अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा।
