Reported by: Shamim Iqbal
अलीगढ़। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (JNMC), अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के ईएनटी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सादिया इस्लाम ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए NEET-SS (सुपर स्पेशियलिटी) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 6 प्राप्त की है। उनकी इस शानदार सफलता से न केवल JNMC बल्कि पूरे विश्वविद्यालय और देश के चिकित्सा जगत में गर्व की लहर है।


यह प्रतिष्ठित परीक्षा 26 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से लगभग 600 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भाग लिया। यह परीक्षा MCh (हेड एंड नेक ऑन्कोलॉजी) जैसे अत्यंत चुनौतीपूर्ण सुपर-स्पेशियलिटी कोर्स में प्रवेश के लिए होती है, जिसमें पूरे देश में केवल 20 से 30 सीटें ही उपलब्ध होती हैं। ऐसे कठिन प्रतिस्पर्धी माहौल में डॉ. सादिया की यह रैंक उनकी असाधारण प्रतिभा और अथक परिश्रम का प्रमाण है।
डॉ. सादिया इस्लाम का शैक्षणिक और पेशेवर सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने वर्ष 2006 में JNMC से MBBS की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद 2016 में MS (ENT) की पढ़ाई पूरी की। नवंबर 2021 से वे JNMC में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
वर्ष 2023 में उन्होंने प्रतिष्ठित MRCS (इंग्लैंड) की सदस्यता प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई।
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर मेडिकल कॉलेज के सहकर्मियों, छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन ने हार्दिक खुशी और गर्व व्यक्त किया है। सभी ने इसे न केवल अलीगढ़ बल्कि पूरे देश के चिकित्सा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
डॉ. सादिया इस्लाम की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के मेडिकल छात्रों, विशेषकर छात्राओं के लिए एक मजबूत प्रेरणा स्रोत है, जो यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, लगन और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।




